SOS चिल्ड्रन विलेज में बच्चों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 14 अगस्त। माननीय उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश श्री नितिन शर्मा के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री दयाराम ने शुक्रवार को बौराड़ी स्थित बाल देखरेख संस्थान SOS चिल्ड्रन विलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान संस्थान में रह रहे बच्चों की सुरक्षा, आवासीय व्यवस्थाओं, शिक्षा, भोजन एवं मनोरंजन की सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि SOS चिल्ड्रन विलेज में बालक एवं बालिकाओं के लिए पृथक-पृथक आवासीय भवनों में रहने एवं देखभाल की व्यवस्था की गई है। कमरों, रसोईघर और बाथरूम की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। बच्चों के कपड़े, तौलिये एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी साफ-सुथरी मिली।
संस्थान के प्रबंधक श्री शशांक चतुर्वेदी ने बताया कि बच्चों को प्रतिदिन प्रातः नाश्ता कराया जाता है। बच्चे नजदीकी शिशु मंदिर एवं सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करने जाते हैं। विद्यालय से लौटने के बाद उन्हें दोपहर का भोजन उपलब्ध कराया जाता है। बच्चों के मनोरंजन एवं मानसिक विकास के लिए टीवी के साथ कैरम, लूडो, शतरंज सहित विभिन्न इनडोर खेलों की भी व्यवस्था है।
बच्चों से एकांत में की गई बातचीत
निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री दयाराम ने कुछ बच्चों से एकांत में पृथक-पृथक बातचीत कर संस्थान में उनकी स्थिति और अनुभवों की जानकारी ली। बच्चों से किसी कर्मचारी, अधिकारी अथवा शिक्षक द्वारा दुर्व्यवहार, मारपीट या उत्पीड़न किए जाने के संबंध में पूछा गया। बातचीत में बच्चों ने किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार अथवा उत्पीड़न से इनकार किया।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिटेनर अधिवक्ता श्री राजपाल सिंह मियां, SOS चिल्ड्रन विलेज के निदेशक श्री संतोष सिंह एवं प्रबंधक श्री शशांक चतुर्वेदी मौजूद रहे।
निरीक्षण का उद्देश्य बाल देखरेख संस्थान में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायजा लेना तथा उनके अधिकारों के संरक्षण को सुनिश्चित करना रहा।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!