टिहरी गढ़वाल। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को नरेंद्र महिला विद्यालय इंटर कॉलेज, भागीरथीपुरम में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति छात्राओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर नशे से दूर रहने और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एनएचएम) डॉ. निधि रावत के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की सोशल वर्कर मधु डोभाल ने छात्राओं को नशे से होने वाले शारीरिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य आराधना कुकरेती के मार्गदर्शन में निकाली गई जागरूकता रैली में छात्राओं ने नशा विरोधी नारों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। छात्राओं ने स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं के बीच निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 12 ए की गीता ने प्रथम, अदिति ने द्वितीय तथा कक्षा 10 की अनसूया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में कक्षा 12 की अंजना प्रथम, कक्षा 9 की निहारिका द्वितीय तथा सिमरन तृतीय स्थान पर रहीं।




