5 अक्टूबर को देहरादून में प्रस्तावित महा रैली की चेतावनी
टिहरी गढ़वाल 25 सितंबर। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन उत्तराखंड के आह्वान पर मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को जिला मुख्यालय नई टिहरी में एक दिवसीय धरना दिया। कर्मचारियों ने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की।
धरने से पूर्व कर्मचारियों ने अपने-अपने विभागों के बाहर गेट मीटिंग कर मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इसके बाद जिला मुख्यालय पहुंचकर एक दिवसीय धरना दिया गया। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर आंदोलन चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष पूरन सिंह राणा एवं उपाध्यक्ष राजीव नेगी ने कहा कि मिनिस्ट्रीयल संवर्ग शासन-प्रशासन की रीढ़ है। कर्मचारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी 12 सूत्रीय मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में रोष है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार से पूरी उम्मीद है कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा 5 अक्टूबर को प्रदेश स्तर पर महा रैली आयोजित की जाएगी।
धरने में विभिन्न विभागों के मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी शामिल रहे।




