डेढ़ साल में 10 स्थानों पर लगाए गए वाटर एटीएम, तीन बड़े जलाशयों के निर्माण की भी तैयारी
टिहरी गढ़वाल 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका चंबा ने नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा के क्षेत्र में बड़ी सौगात दी है। पालिका की ओर से नगर क्षेत्र के पांच अलग-अलग स्थानों पर वाटर एटीएम (आरओ) स्थापित कर दिए गए हैं। इन मशीनों को पानी के कनेक्शन से जोड़ने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। कनेक्शन पूरा होते ही इनका विधिवत लोकार्पण कर आम जनता के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
नगर पालिका चंबा के अधिशासी अधिकारी प्रशांत चौधरी ने बताया कि नगरवासियों के साथ ही चंबा पहुंचने वाले पर्यटकों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पांच स्थानों पर वाटर एटीएम स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान नगर पालिका बोर्ड के करीब डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में अब तक कुल 10 स्थानों पर वाटर एटीएम स्थापित किए जा चुके हैं। इनके संचालन से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को किफायती दर पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
तीन स्थानों पर बनेंगे एक-एक लाख लीटर के टैंक
ईओ प्रशांत चौधरी ने बताया कि नगर पालिका चंबा की ओर से पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी कार्ययोजना तैयार की गई है। नगर पालिका अध्यक्ष एवं समस्त सभासदों के साझा प्रयासों से प्रस्तावित योजना के तहत नगर क्षेत्र में तीन स्थानों पर एक-एक लाख लीटर क्षमता के तीन बड़े पानी के टैंक बनाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन जल भंडारण टैंकों का निर्माण गणतंत्र दिवस 2027 तक पूरा कर नगरवासियों को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। इन टैंकों के बनने से पानी के भंडारण की क्षमता बढ़ेगी और नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित किया जा सकेगा।
पालिका प्रशासन का मानना है कि वाटर एटीएम की सुविधा विस्तार के साथ ही बड़े जल भंडारण टैंकों का निर्माण चंबा की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे गर्मियों सहित पेयजल संकट के समय नगरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।





