टिहरी गढ़वाल 23 अगस्त । पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चमियाला में पिछले तीन वर्षों में छात्र-छात्राओं की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, आधुनिक शिक्षण व्यवस्था, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों की सफलता तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के चलते अभिभावकों का विद्यालय के प्रति भरोसा बढ़ा है।
विद्यालय की ओर से मुख्य शिक्षा अधिकारी/जिला परियोजना अधिकारी, टिहरी गढ़वाल को भेजी गई विस्तृत रिपोर्ट के अनुसार सत्र 2024-25 में विद्यालय में छात्र संख्या 298 थी, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 332 और वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 380 पहुंच गई है। तीन वर्षों में विद्यालय की छात्र संख्या में 82 विद्यार्थियों की वृद्धि हुई है।
योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार से बढ़ी सामुदायिक सहभागिता
विद्यालय में पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित गतिविधियों का स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। शिक्षकों एवं प्रधानाचार्य द्वारा अभिभावकों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर योजनाओं और विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी गई। सीबीएसई बोर्ड, पीएम श्री योजना की गतिविधियों और विद्यालय की विशेषताओं से अभिभावकों को अवगत कराने के साथ नियमित अभिभावक-शिक्षक बैठकों के माध्यम से संवाद स्थापित किया गया।
हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में बेहतर परीक्षा परिणाम
विद्यालय में हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों माध्यमों में कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। शत-प्रतिशत परीक्षाफल के साथ मेधावी विद्यार्थियों ने जनपद स्तर पर भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। छात्र विस्मित कोटनाला ने हाईस्कूल परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में द्वितीय स्थान हासिल किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इन उपलब्धियों से प्रेरित होकर आसपास के क्षेत्रों तथा निजी विद्यालयों से भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी विद्यालय में प्रवेश ले रहे हैं।
CUET समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों का चयन
विद्यालय के मेधावी छात्र विस्मित कोटनाला ने CUET परीक्षा उत्तीर्ण कर दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हिंदू कॉलेज में प्रवेश प्राप्त किया है। वहीं जूनियर एवं सीनियर एनसीसी डिविजन के सफल संचालन से भी विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति और राज्य सरकार की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भी विद्यालय के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
स्मार्ट कक्षा और अटल टिंकरिंग लैब से आधुनिक शिक्षा
विद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम और अटल टिंकरिंग लैब की स्थापना की गई है। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग सहित आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान दिया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों में नवाचार और तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ रही है।
स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर
एडलिस कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य परामर्श और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता एवं सुरक्षा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से ताइक्वांडो (आत्मरक्षा) का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
विद्यालय के छात्र-छात्राएं पिछले तीन वर्षों से राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके साथ ही एनएसएस एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
विद्यालय की ओर से कहा गया है कि सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों और शिक्षकों के प्रयासों का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर एवं सुरक्षित भविष्य के लिए तैयार करना है। विद्यालय परिवार ने छात्र संख्या में हुई निरंतर वृद्धि को शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रीय जनता के विश्वास का परिणाम बताया है।
छात्र संख्या में लगातार वृद्धि, शैक्षणिक उपलब्धियों से पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राइंका चमियाला ने बनाई पहचान

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



