वाराणसी, 12 सितंबर। भोजपुरी अध्ययन केंद्र, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय तथा ‘मानस’ पत्रिका के संयुक्त तत्वावधान में ‘हिंदी भाषा उत्सव’ के अंतर्गत भोजपुरी अध्ययन केंद्र के राहुल सभागार में ‘हिंदी का लोक और लोक की हिंदी’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी-सह-सम्मान समारोह आयोजित हुआ।
समारोह में सुप्रसिद्ध युवा कवि एवं जनपक्षधर लेखक गोलेन्द्र पटेल को हिंदी साहित्य में उनके साहित्य-सृजन, भाषा-संवर्धन एवं साहित्यिक चेतना के प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘मानस युवा काव्य शिखर सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। प्रशस्ति-पत्र में उनकी साहित्यिक साधना को हिंदी भाषा एवं साहित्य को समृद्ध करने तथा मानवीय संवेदना, मूल्यों और रचनात्मक चिंतन को नई दिशा देने वाला बताया गया।
कार्यक्रम में आशुतोष कुमार विनायक को ‘मानस साहित्यसेवी सम्मान’, प्रो. अखिलेश चंद्र को ‘मानस शब्द शिल्पी सम्मान’ तथा डॉ. माधुरी त्रिपाठी को ‘मानस काव्य शिखर सम्मान’ प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए अनेक प्रतिभाओं को ‘मानस कला सम्मान’ एवं ‘मानस प्रतिभा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल, प्रो. प्रभाकर सिंह, प्रो. कमलेश वर्मा, डॉ. रविनंदन सिंह, डॉ. पाऊल सिंह राठौर, डॉ. विभा शंकर, डॉ. प्रीति विश्वकर्मा तथा डॉ. आर्यपुत्र दीपक सहित अनेक प्राध्यापक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
गोलेन्द्र पटेल समकालीन हिंदी के युवा कवि, लेखक एवं साहित्यिक-सांस्कृतिक चिंतक हैं। उनकी रचनाएँ देश की अनेक प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं। उन्हें इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय काशी घाटवॉक विश्वविद्यालय की ओर से “प्रथम सुब्रह्मण्यम भारती युवा कविता सम्मान – 2021” , “रविशंकर उपाध्याय स्मृति युवा कविता पुरस्कार-2022”, हिंदी विभाग, काशी हिंदू विश्वविद्यालय की ओर से “शंकर दयाल सिंह प्रतिभा सम्मान-2023”, “मानस काव्य श्री सम्मान 2023”, “शब्द शिल्पी सम्मान 2025”, “महावीरप्रसाद ‘विद्यार्थी’ स्मृति शब्द संधान सम्मान 2025”, “साहित्य का सार्थवाह सम्मान 2025” तथा विभिन्न साहित्यिक सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।




