अब आश्वासन नहीं स्पष्ट घोषणा की मांग पर डटे आंदोलनकारी
टिहरी गढ़वाल 13 सितम्बर। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को 28वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम विचार मंच के स्वयंसेवकों ने धरने पर बैठकर आंदोलन को समर्थन दिया।
एक सितंबर से चल रहे क्रमिक अनशन के 13वें दिन असद आलम और सुरेंद्र खत्री अनशन पर बैठे। वहीं जीतराम भट्ट 41वें दिन से सत्याग्रह कर रहे हैं।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम विचार मंच के प्रदेश अध्यक्ष असद आलम ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और रुद्रपुर व पिथौरागढ़ में प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, लेकिन टिहरी लगातार उपेक्षित है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मिल रहे आश्वासनों से जनता संतुष्ट नहीं है। सरकार को अब मेडिकल कॉलेज निर्माण की स्पष्ट घोषणा के साथ समयबद्ध कार्ययोजना और निर्माण शुरू करने की ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
सुरेंद्र खत्री ने कहा कि पूर्व में की गई घोषणाओं के अनुरूप टिहरी में मेडिकल कॉलेज का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाना चाहिए। सरताज अली ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र की बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए टिहरी में मेडिकल कॉलेज बेहद जरूरी है।
धरना स्थल पर राकेश भूषण गोदियाल, चंडी प्रसाद डबराल, भगवान चंद रमोला, नरोत्तम दत्त जखमोला, कमल सिंह मेहर, शिवराज सिंह सजवाण, भगवान सिंह रावत, संदीप रावत, लखबीर चौहान, देवेंद्र नौडियाल, कुलदीप पंवार, मनोज शाह और अमित रतूड़ी सहित कई आंदोलनकारी मौजूद रहे। समिति ने कहा कि मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग पूरी होने तक आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहेगा।




