हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी पर मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के साथ देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की।

नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनके सार्वजनिक सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री धामी ने मां गंगा से राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की प्रार्थना की।
हरिद्वार में आयोजित कैबिनेट बैठक से पहले हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी प्रतिभाग किया। राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कैबिनेट बैठकें आयोजित करने की पहल के तहत इससे पहले 4 अक्टूबर को चम्पावत के बनबसा में मंत्रिमंडल की बैठक हुई थी। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य क्षेत्रीय जरूरतों को शासन की प्राथमिकताओं से जोड़ना और स्थानीय विकास से जुड़े विषयों पर निर्णय लेना है।




