72वें दिन भी जारी आंदोलन को मिला समर्थन, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी तक पहुँचाया गया मामला
टिहरी गढ़वाल 13 अक्टूबर । नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलन के 72वें दिन भी क्षेत्रवासियों की मांग ने एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता को प्रमुखता से सामने रखा है। सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने मेडिकल कॉलेज की मांग का समर्थन करते हुए इसे टिहरी गढ़वाल के जनहित, स्वास्थ्य सुरक्षा और क्षेत्र के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया है।
स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए अक्सर देहरादून और ऋषिकेश जैसे शहरों की ओर जाना पड़ता है। समय पर उपचार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि टिहरी जनपद का देश के विकास में ऐतिहासिक योगदान रहा है। ऐसे में यहां की जनता को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए।
राष्ट्रीय स्तर पर भी उठाया गया विषय
स्वामी रसिक महाराज ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से संबंधित इस जनहित के विषय को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी तक भी भेजा गया है, ताकि जनभावनाओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं से राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत कराया जा सके।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि आंदोलनकारियों की मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए मेडिकल कॉलेज की स्थापना के संबंध में स्पष्ट निर्णय लिया जाए। साथ ही, निर्माण की प्रक्रिया, समयबद्ध कार्ययोजना और आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर जनता को स्थिति से अवगत कराया जाए।
स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि स्वस्थ नागरिक, सशक्त उत्तराखंड और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण के लिए सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अनिवार्य हैं। जनहित से जुड़े इस विषय का सकारात्मक समाधान निकालना समय की आवश्यकता है।




