मोरी से 55-60 किमी दूर है घटनास्थल, डीएम प्रशांत आर्य ने लिया तत्काल संज्ञान; प्रभावितों के लिए राहत सामग्री भेजी गई
उत्तरकाशी। जनपद के मोरी तहसील क्षेत्र के ग्राम पवाणी में मंगलवार शाम आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और फायर सर्विस की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं।
मोरी से घटनास्थल की दूरी करीब 55 से 60 किलोमीटर बताई गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावितों के लिए टेंट एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री तैयार कर वाहनों के माध्यम से मौके पर भेज दी गई है। आपदा प्रबंधन अधिकारी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) में मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
फिलहाल आग से हुए नुकसान और प्रभावित परिवारों के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है। प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का आकलन करेंगी।




