ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं और परिवार की जानकारी दर्ज करने का किया आह्वान, आमजन को जागरूक करने पर जोर
टिहरी गढ़वाल, 25 नवंबर। भारत की जनगणना-2027 को लेकर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नई टिहरी में बुधवार को स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वगणना की प्रक्रिया समझी और स्वयं व अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में स्वगणना पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। NSS, रेडक्रॉस एवं रेंजर-रोवर के नोडल अधिकारियों ने प्रतिभागियों को पोर्टल पर पंजीकरण से लेकर आवश्यक जानकारियां भरने तक की प्रक्रिया समझाई।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्धारण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों से स्वगणना में सक्रिय भागीदारी निभाने के साथ ही आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से स्वगणना की सुविधा मिलने से नागरिक स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जनगणना प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण होगी।
कार्यक्रम में प्रो. राजकुमार त्यागी, डॉ. विनोद सिंह रावत, डॉ. रंजना सिंह, डॉ. अरविंद रावत, डॉ. हर्षिता जोशी, श्रद्धानन्द सेमवाल, रेखा कुकरेती, डॉ. पीसी पैन्यूली, डॉ. पूजा भंडारी, वर्षा रानी, अंकित सहित महाविद्यालय के समस्त उपस्थित प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




