देहरादून, 27 नवंबर। वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी श्री अजय गणपति ने शुक्रवार को SDRF उत्तराखण्ड वाहिनी के 11वें सेनानायक के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वह जनपद ऊधमसिंहनगर में तैनात थे।
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने वाहिनी मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं, प्रशिक्षण और संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्मिकों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और कार्यक्षमता बनाए रखने के निर्देश देते हुए रेस्क्यू उपकरणों व वाहनों को सदैव क्रियाशील रखने तथा आपदा के समय त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने पर जोर दिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी पोस्टों के अधिकारियों एवं जवानों से संवाद करते हुए उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन में स्वयं और टीम की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, नियमित व्यायाम करने तथा नशे से दूर रहने के निर्देश दिए। साथ ही कार्मिकों की समस्याएं सुनकर उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
अजय गणपति ने कहा कि SDRF उत्तराखण्ड देश की सर्वश्रेष्ठ इकाइयों में से एक है। इसकी गौरवशाली पहचान बनाए रखते हुए बल की कार्यक्षमता और व्यावसायिक दक्षता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व आईपीएस अर्पण यदुवंशी ने दो वर्ष से अधिक समय तक SDRF उत्तराखण्ड का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में बल ने विभिन्न आपदाओं एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उल्लेखनीय कार्य किए।




