सीएम एक्रो एंड एसआईवी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के समापन में करेंगे प्रतिभाग

टिहरी विधानसभा क्षेत्र की करोड़ों की योजनाओं का करेंगे शिलान्यास और लोकार्पण
नई टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को टिहरी कोटी कॉलोनी में एक्रो एंड एसआईवी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के समापन में प्रतिभाग करेंगे। इस अवसर पर टिहरी विधानसभा क्षेत्र में कुल 29.08 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पैराग्लाइडिंग एक्रो एंड एसआईवी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित भी करेंगे।
टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने बताया कि मुख्यमंत्री जी टिहरी झील के तट पर स्थित कोटी कॉलोनी में पर्यटन विकास परिषद की पहल पर आयोजित चार दिवसीय पैराग्लाइडिंग एक्रो एंड एसआईवी प्रतियोगिता का समापन करेंगे। अवसर पर वह क्षेत्रवासियों को कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री धामी 22.26 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की गई योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें पीएमजीएसवाई के अंतर्गत 8.10 करोड़ रुपये की लागत से चंबा–जौल–नकोट–बहेड़ा–कुडियाल गांव–नागदेव पथल्ड मोटर मार्ग का उन्नयन, 6 करोड़ रुपये की लागत से थान–बमर–धर्मघाट मोटर मार्ग का निर्माण शामिल है। इसके अलावा ग्रामीण निर्माण विभाग के तहत इंटर कॉलेज ठांगधार में विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण (61 लाख), पर्यटन विभाग द्वारा विभिन्न पर्यटन स्थलों का विकास, 91.84 लाख की लागत से विद्या मंदिर नई टिहरी में सामुदायिक भवन निर्माण, 53.39 लाख की लागत से इंटर कॉलेज नागराजाधार बमुंड में प्रयोगशालाओं एवं शौचालयों का निर्माण, 45.32 लाख से जीआईसी बागी मठियागांव में प्रयोगशाला कक्ष, 2.58 करोड़ की लागत से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय रानीचौरी तथा 56.48 लाख की लागत से जल संस्थान नई टिहरी में जिला स्तरीय जल गुणवत्ता प्रयोगशाला भवन का लोकार्पण किया जाएगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री 6.82 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें पांगरखाल–ज्ञानसू मोटर मार्ग से एससी बस्ती वर्तियाखुंड से चोरिया तोक तक सड़क निर्माण (1.32 करोड़), जगधार में स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण (79.44 लाख), कांडा डांगी–मरोड़ा मोटर मार्ग का रानीगढ़ तक विस्तार (1.95 करोड़), राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल भैंस्यारौ (2.26 करोड़), डीआईपीएचएल बौराड़ी (48.75 लाख) तथा नई टिहरी स्थित सुमन पार्क का पुनर्विकास (2 करोड़) शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।



