दिल्ली स्थित टिहरी हाउस को बेचने की खबर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने जताई चिंता, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 12 मार्च । दिल्ली के पांच भगवान दास मार्ग स्थित ऐतिहासिक टिहरी हाउस को बेचे जाने की खबरों पर टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इस संबंध में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर राज्य सरकार से इस विषय में गंभीर पहल करने का आग्रह किया है।

विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है कि दिल्ली के हृदय स्थल पर स्थित पांच भगवान दास मार्ग का टिहरी हाउस विक्रय किए जाने की प्रक्रिया में है। उन्होंने बताया कि यह स्थान संभवतः वर्ष 1939 में तत्कालीन टिहरी रियासत को पैरामाउंट पावर द्वारा आवंटित किया गया था। बाद में टिहरी रियासत के संयुक्त प्रांत (उत्तर प्रदेश) में विलय के उपरांत भी यह स्थान ऐतिहासिक महत्व के कारण विशेष पहचान रखता रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि यह स्थान अत्यंत अमूल्य और ऐतिहासिक महत्व का है, इसलिए राज्य सरकार को वहां निवास कर रहे विक्रेताओं से वार्ता कर इस संपत्ति को उत्तराखण्ड सरकार के हित में खरीदने का प्रयास करना चाहिए। साथ ही वहां राज्य सरकार की ओर से कोई महत्वपूर्ण संस्थान या उपक्रम स्थापित किया जा सकता है, जिससे राज्य की पहचान और गौरव को भी बल मिलेगा।
विधायक ने कहा कि टिहरी रियासत से जुड़े लोगों के लिए यह विषय बेहद संवेदनशील है और इस संपत्ति के विक्रय की खबरें उनकी भावनाओं को आहत कर रही हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री तथा टिहरी लोकसभा क्षेत्र की सांसद महारानी राज्यलक्ष्मी शाह इस विषय पर गंभीरता से विचार कर उचित समाधान निकालेंगे और टिहरी की ऐतिहासिक धरोहर की रक्षा के लिए सकारात्मक कदम उठाएंगे।
इस संबंध में विधायक ने अपने पत्र की प्रतिलिपि टिहरी की सांसद महारानी राज्यलक्ष्मी शाह को भी प्रेषित की है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!