देवप्रयाग महाविद्यालय के एनएसएस विशेष शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण व गांधी विचारों पर चर्चा

टिहरी गढ़वाल 13 मार्च 2026। ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय, देवप्रयाग की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस पर विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। दिन की शुरुआत प्रातः 5:30 बजे प्रातः स्मरण श्लोक और वंदना से हुई। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने एनएसएस लक्ष्य गीत गाकर समाज सेवा के प्रति संकल्प दोहराया।
सुबह 7:00 बजे डॉ. संजीव कुमार के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने व्यायाम किया तथा शिविर स्थल और आसपास के प्राकृतिक जल स्रोत की सफाई कर श्रमदान किया।
पूर्वाह्न 11:00 बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर स्थल पर पहुंचकर सभी स्वयंसेवकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। संयुक्त चिकित्सालय हिंडोलाखाल की टीम में डॉ. दीपशिखा उनियाल, काउंसलर डॉ. प्रियंका, फार्मासिस्ट बलवीर सिंह चौहान तथा एएनएम मनीषा शामिल रहीं।
टीम ने स्वयंसेवकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया और एक-एक कर सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान डॉ. दीपशिखा और डॉ. प्रियंका ने छात्राओं को माहवारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए स्वच्छता और आवश्यक सावधानियों के बारे में भी विस्तार से बताया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का स्वागत करते हुए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
दोपहर के भोजन के बाद आयोजित बौद्धिक सत्र में महाविद्यालय के इतिहास विभाग के प्राध्यापक डॉ. मनोज कुमार ने “वर्तमान परिप्रेक्ष्य में गांधी जी की प्रासंगिकता” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के जन्म शताब्दी वर्ष से ही राष्ट्रीय सेवा योजना की शुरुआत हुई थी। उन्होंने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वदेशी, सत्याग्रह, सर्वोदय और ट्रस्टीशिप जैसे विचारों की आज के समय में उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर डॉ. संजीव कुमार, डॉ. शीतल, डॉ. सोनिया, डॉ. रंजू उनियाल, डॉ. सृजना राणा, श्रीमती मनीषा, श्री नरेंद्र और श्री सूरज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
सायंकालीन सत्र में स्वयंसेवकों ने गाँव का सर्वेक्षण कर स्थानीय समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी एकत्र की।



