( गजा से डी.पी. उनियाल )
टिहरी गढ़वाल। नगर पंचायत गजा स्थित शोध एवं प्रसार केंद्र में पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय रानीचौरी के सहयोग से प्राकृतिक खेती और बदलते मौसम के अनुरूप उन्नत कृषि तकनीकों पर किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के अनुसार खेती के नए तरीकों से अवगत कराना था।
गोष्ठी में नगर पंचायत के चारों वार्डों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसमें अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं की विशेष सहभागिता रही। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, पशुओं की बीमारियों की रोकथाम तथा प्राकृतिक खेती के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर डॉ. सुमित चौधरी (प्रभारी अधिकारी), डॉ. सचिन (वैज्ञानिक, केवीके रानीचौरी), डॉ. शिखा और विकास सहित अन्य विशेषज्ञों ने किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान भी सुझाए। डॉ. सुमित चौधरी ने कहा कि बदलते मौसम के अनुरूप खेती की जानकारी होना आज के समय में बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान आईसीएआर की एसएलएसपी परियोजना के तहत किसानों को कृषि उपकरण भी वितरित किए गए। आयोजन में प्रक्षेत्र सहायक विजयपाल सिंह चौहान और कार्यालय सहायक पूनम चौहान ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
गोष्ठी में नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, सभासद जसवंत सिंह चौहान और राजेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में नगर पंचायत प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय के कुलपति और कृषि वैज्ञानिकों का आभार व्यक्त किया।




