जनता मिलन कार्यक्रम में 85 से अधिक शिकायतें, डीएम ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 06 अप्रैल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने 85 से अधिक शिकायतें एवं समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों के त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि जिन मामलों में शासन स्तर पर पत्राचार या अन्य कार्रवाई आवश्यक है, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए शिकायतकर्ता को अवश्य अवगत कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम में लोग बड़ी उम्मीद के साथ आते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधान लामकांडे दिनेश सिंह रावत ने चुनारी गाड़ में बने चैक डैमों पर सुरक्षा दीवार और पुलिया निर्माण की मांग उठाई, जिस पर अर्थ एवं संख्याधिकारी को सिंचाई विभाग से प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए गए। तहसील गजा के ग्राम कोठी निवासी प्रियंका ने बताया कि उनके पिता लकवा ग्रस्त हैं और आधार कार्ड व दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं बनने से उन्हें व उनकी बहनों को स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर डीपीओ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
प्रतापनगर के ग्राम कुडियालगांव निवासी विजय लाल ने बताया कि गत वर्ष अतिवृष्टि से उनका मकान क्षतिग्रस्त हो गया था और परिवार को ग्राम प्रधान के घर में शिफ्ट किया गया, लेकिन किराया व मुआवजा अब तक नहीं मिला। इस पर एसडीएम प्रतापनगर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं नरेन्द्रनगर क्षेत्र के ग्राम मलास, ग्राम पंचायत नौर व कुजणी के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ताछला-मलास मोटर मार्ग निर्माण के दौरान जेसीबी से रोड कटान करते हुए उनकी कृषि भूमि पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। इस पर लोक निर्माण विभाग व तहसीलदार को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन एवं समाधान पोर्टल पर लंबित शिकायतों का भी शीघ्र निस्तारण करने को कहा। साथ ही जिला योजना के प्रस्ताव समय पर उपलब्ध कराने और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम अवधेश कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, डीडीओ मो. असलम, डीएसओ मनोज डोभाल, एआरटीओ सतेन्द्र राज, डीएसटीओ साक्षी शर्मा, ईई विद्युत अमित आनंद, जल निगम के.एन. सेमवाल, लघु सिंचाई बृजेश गुप्ता, जल संस्थान प्रशांत भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!