एसडीआरएफ का त्वरित एक्शन, गंगा में बह रहे तीन युवकों को बचाया — घायल युवक को स्ट्रेचर से पहुंचाया अस्पताल

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

हरिद्वार, 24 मई 2026। हरिद्वार में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं में एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों का सकुशल रेस्क्यू किया, जबकि एक घायल युवक को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाकर मानवता और तत्परता का परिचय दिया।
पहली घटना में बागपत निवासी 25 वर्षीय अंशुल गंगा नदी में स्नान के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगा। सूचना मिलते ही हाथी पुल पर तैनात एसडीआरएफ बहादराबाद टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
दूसरी घटना में मथुरा निवासी 22 वर्षीय सुमित गंगा में स्नान करते समय तेज बहाव में बह गया। बहते हुए उसने हाथी पुल के नीचे लगी जंजीरों को पकड़ लिया और मदद का इंतजार करने लगा। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने साहसिक अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
तीसरी घटना में देहरादून निवासी शत्रुघ्न गंगा में स्नान के दौरान बहाव में फंसकर हाथी पुल के नीचे जंजीरों में अटक गया। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
इन सभी रेस्क्यू अभियानों में एसडीआरएफ टीम ने साहस, सतर्कता और पेशेवर दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वहीं चौथी घटना मनसा देवी पैदल मार्ग पर सामने आई, जहां मुजफ्फरनगर निवासी 23 वर्षीय बादल अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर और रीढ़ की हड्डी में चोट लग गई, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को स्ट्रेचर के माध्यम से पैदल मार्ग से सुरक्षित नीचे लाकर हरिद्वार कोतवाली के पास पहुंचाया, जहां से उसे एम्बुलेंस द्वारा जिला अस्पताल भेजा गया।
रेस्क्यू अभियानों के दौरान स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने एसडीआरएफ टीम की तत्परता और कार्यकुशलता की सराहना की।
रेस्क्यू टीम में शामिल सदस्य:
एचसी कपिल कुमार, कांस्टेबल सागर कुमार, कांस्टेबल गुड्डू कुमार, एचजी अभिषेक, एचजी शरद, एचजी राजेश, कांस्टेबल प्रकाश मेहता एवं टीम कमांडर आशीष त्यागी।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!