वरिष्ठ कांग्रेसी सम्पत लाल शाह के निधन से शहर में शोक की लहर, कांग्रेसजनों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 25 मई 2026। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, नगर पालिका परिषद नई टिहरी के पूर्व अधिशासी अधिकारी तथा संत निरंकारी मिशन से जुड़े ब्रह्मलीन महात्मा पूज्य सम्पत लाल शाह जी के निधन पर नई टिहरी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। सोमवार प्रातः उन्होंने बौराड़ी स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली और निरंकार में लीन हो गए। वे मूल रूप से ग्राम गोरती, पट्टी लस्या, जनपद रुद्रप्रयाग के निवासी थे तथा अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
परिजनों के अनुसार उनके पावन पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन हेतु 26 मई 2026 को प्रातः 10 बजे नई टिहरी स्थित निरंकारी सत्संग भवन में रखा जाएगा। इसके उपरांत अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार ले जाया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सम्पत लाल शाह जी लंबे समय से समाज सेवा और संत निरंकारी मिशन से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि उनका पूरा जीवन सादगी, सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों के लिए समर्पित रहा। उनके निधन से समाज और कांग्रेस पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है।
उन्होंने सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के श्रीचरणों में अरदास करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस दुःखद अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, प्रदेश कांग्रेस सचिव मुशर्रफ अली, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष सीमा कृषाली, कांग्रेस नेता प्रवीण भंडारी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत एडवोकेट, सोहन सिंह रावत, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष लखबीर सिंह चौहान, पूर्व शहर अध्यक्ष देवेंद्र नोडियाल, ममता उनियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शांति शाह, अनीता रावत, अनीता शाह, लक्ष्मी रावत, मीना शाह, सभासद नवीन सेमवाल, अनीश खान और परवेज अहमद सहित अनेक गणमान्य लोगों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सम्पूर्ण क्षेत्र में उनके निधन को समाज सेवा और मानवीय मूल्यों की बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!