विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल। माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल तथा जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल श्री नितिन शर्मा के निर्देशानुसार एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल श्री दयाराम के मार्गदर्शन में आज दिनांक 15 जून 2026 को ग्राम- मोलनो, पौखाल, विकासखण्ड- भिलंगना, जिला- टिहरी गढ़वाल में “विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस” के अवसर पर विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के साथ होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक दुर्व्यवहार के प्रति जागरूकता फैलाना तथा उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति समाज को संवेदनशील बनाना था।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल श्री दयाराम द्वारा अपने सम्बोधन में उपस्थित ग्रामवासियों को बताया गया कि उम्र का ढलना जीवन का एक स्वाभाविक नियम है, लेकिन आधुनिक समाज की बदलती जीवनशैली, एकल परिवारों का बढ़ता चलन और तकनीकी विकास ने हमारे बुजुर्गों (वरिष्ठ नागरिकों) के सामने कई अभूतपूर्व चुनौतियाँ खड़ी कर दी हैं। आज बुजुर्ग न केवल अकेलेपन और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं, बल्कि कई बार उन्हें अपनों के ही बीच उपेक्षा, दुर्व्यवहार और आर्थिक शोषण का शिकार होना पड़ता है। इसी गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की ‘जाग्रति (JAGRITI) योजना, 2025’ के अंतर्गत इस महीने (जून 2026) देशव्यापी स्तर पर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मूल उद्देश्य केवल बुजुर्गों को उनके अधिकारों के प्रति सचेत करना नहीं है, बल्कि समाज में उनके प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना को फिर से स्थापित करना है। साथ ही सचिव महोदय द्वारा ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007’ एवं संपत्ति की सुरक्षा का अधिकार के बारे में भी जानकारी दी गयी।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान डिप्टी लीगल ऐड डिफेन्स काउंसल श्रीमती बीना सजवाण द्वारा अपने व्यख्यान में उपस्थित युवाओं को बुजुर्गों के साथ सदव्यवहार रखने व वरिष्ठ व्यक्तियों को युवा पीढ़ी के साथ समन्वय स्थापित करने की अपील की गयी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के रिटेनर अधिवक्ता श्री राजपाल सिंह मियां द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली तथा नालसा टोल फ्री नं० 15100 के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गयी।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के अधिकार मित्र सहित समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!