मुंबई, 19 जून 2026। रिलायंस इंडस्ट्रीज के न्यू एनर्जी कारोबार का नेतृत्व कर रहे अनंत अंबानी ने कहा कि वित्त वर्ष 2027 से कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन में न्यू एनर्जी बिजनेस का महत्वपूर्ण योगदान शुरू होगा। इस वर्ष सोलर मॉड्यूल से व्यावसायिक आय शुरू होने के साथ ही बैटरी गीगा फैक्ट्री भी चालू होने की तैयारी में है।
रिलायंस ने ग्रीन अमोनिया के लिए सैमसंग सीएंडटी के साथ 3 अरब डॉलर का दीर्घकालिक सप्लाई समझौता किया है, जिसे दुनिया के सबसे बड़े ग्रीन अमोनिया करारों में से एक माना जा रहा है।
जामनगर स्थित 5,000 एकड़ के धीरूभाई अंबानी ग्रीन एनर्जी गीगा कॉम्प्लेक्स में सोलर पीवी और मॉड्यूल उत्पादन शुरू हो चुका है। वहीं कच्छ में विकसित हो रहा विशाल रिन्यूएबल एनर्जी हब हर वर्ष 40 अरब यूनिट से अधिक ग्रीन बिजली उत्पादन करेगा।
अनंत अंबानी ने बताया कि गीगा कॉम्प्लेक्स और कच्छ सोलर परियोजना से करीब 2 लाख ग्रीन रोजगार सृजित होंगे। उन्होंने कहा, “नई ऊर्जा का भविष्य भारतीय धूप की ताकत पर आधारित होगा।”




