पुष्पवर्षा और चरण प्रक्षालन से कांवड़ियों का अभिनंदन, सीएम ने परोसा भोजन

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

हरिद्वार, 4 अगस्त। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को आस्था, सेवा और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा और चरण प्रक्षालन कर अभिनंदन किया। उन्होंने कांवड़ यात्रियों के लिए स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ भी किया और श्रद्धालुओं को अपने हाथों से भोजन परोसा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। कांवड़ यात्रा भारत की सनातन परंपरा, सामाजिक समरसता, अनुशासन, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का विराट पर्व है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।
धामी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था की गई है। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में जुटे पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्यकर्मियों, पर्यावरण मित्रों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में सराहनीय सेवाओं के लिए पांच पुलिसकर्मियों और पांच नगर निगम पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। सम्मानित पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक अनुज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक राधा रानी दास, आरक्षी पीएसी जयदीप, आरक्षी टीपी दीपक चमोली और रिक्रूट आरक्षी अभिषेक रतूड़ी शामिल रहे।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर ललितानंद गिरी महाराज, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सहित जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांवड़िए मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!