उत्तरकाशी में विद्यार्थियों को दी विशेष गहन पुनरीक्षण की जानकारी, डीएम प्रशांत आर्य ने किया जागरूक
उत्तरकाशी, 10 अगस्त। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चलाए जा रहे “SIR शंका-समाधान-संवाद” अभियान के तहत सोमवार को ऋषिराम शिक्षण संस्थान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य मौजूद रहे।
कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को SIR की प्रक्रिया, मतदाता सूची की जांच तथा दावा-आपत्ति की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने विद्यार्थियों को “Electoral Literacy Messenger” यानी निर्वाचन साक्षरता दूत की भूमिका समझाते हुए उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
बताया गया कि 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित हो चुकी है। नागरिक अपने और परिवार के सदस्यों के नाम एवं विवरण की जांच कर सकते हैं। नाम, पता, आयु अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार, दावा या आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।
डीएम प्रशांत आर्य ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों को मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की जांच के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र अमोली, प्रधानाचार्य एस.के. मिश्रा सहित शिक्षक एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





