विविध न्यूज़

सरकार ने तीन वर्षों में एक भी घोटाला नहीं होने दिया- मुख्यमंत्री

Please click to share News

खबर को सुनें

गढ़ निनाद, 12 फरवरी 2020

नई टिहरी:  मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने  कहा है कि सरकार ने तीन वर्षो के कार्यकाल में अपने वादे पूरे करें हैं। घनसाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चामेश्वर महादेव मन्दिर में 12 वर्षो में आयोजित होने वाले महायज्ञ कुम्भ में पहुंचे मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों की सभी मनोकामनाएं पूरी होने की शुभकामनाएं दीं।

क्षेत्रीय विधायक शक्ति लाल शाह के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने कहा कि घनसाली क्षेत्र में कृषि विकास की अपार संभावनाओं के अनुरूप सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभागों को पर्याप्त धन मुहैया कराया जायेगा। उन्होने कहा कि सरकार ने इन वर्षो में एक भी घोटाला नही होने दिया है। यदि भ्रष्टाचार की कोई शिकायत सामने आयी तो ऐसे शासकीय कर्मी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। कहा कि सरकार पूरी पारदर्शिता से विकास कार्यो का हिसाब-किताब जनता को देती है। आगामी दो वर्षो में अवशेष सभी कार्य पूरे कर लिए जायेंगे। 

उन्होंने कहा कि 2022 तक प्रदेश में 150 से अधिक नये पुलों का निर्माण किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने शिवपुरी महड़ के निकट नील एवं नैलचामी नदियों के संगम पर 93 लाख रूपये लागत से घाट निर्माण, थात से खैंट तक सड़क निर्माण ,चार किमी कोट चैंदार मोटरमार्ग एवं पोखार गेंवली मोटरमार्ग निर्माण की भी घोषणा की। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये विधायक शक्ति लाल शाह ने मुख्यमंत्री को बताया कि क्षेत्र में लगभग डेढ दर्जन नहरे एवं गूल हैं जिनकी मरम्मत की जानी आवश्यक है। जिस पर मुख्यमंत्री ने पूर्ण आश्वासन दिया।  

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने चामेश्वर महादेव मन्दिर में पूजा अर्चना की। तीन फरवरी से शुरू इस महायज्ञा में आज नैलचामी क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों की महिलाओं  द्वारा कोट पानी से लाये गये जल कलशों से शिव प्रतिमा का जलाभिषेक किया। मेले का समापन कल 13 फरवरी को होगा। मेले में आज हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। मन्दिर समिति के अध्यक्ष यशवंत गुसाईं एवं मेला समिति के अध्यक्ष मोर सिंह रावत सहित स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने शाॅल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।  

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, भिलगंना ब्लाक प्रमुख बसुमति घणाता, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद रतूडी, जिलाधिकारी डाॅ0 वी0 षणमुगम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ0 योगेन्द्र सिंह रावत, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक रूहेला, जिला उद्यान अधिकारी डी के तिवारी, जिला सेवायोजन अधिकारी विक्रम, जिला युवा कल्याण अधिकारी मुकेश डिमरी सहित विभिन्न जन प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।


Please click to share News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!