टिहरी गढ़वाल, 30 अप्रैल 2026 । जनपद में आगामी 3 मई (रविवार) को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए कई अहम निर्देश जारी किए।बैठक में एडीएम ने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देते हुए साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा वहां किसी भी प्रकार की फोटोस्टेट मशीन, मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण न रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों और वीडियो निगरानी व्यवस्था की नियमित जांच के साथ ही ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों का सत्यापन अनिवार्य करने को कहा।
सुरक्षा के मद्देनज़र कंट्रोल रूम में जैमर, पर्याप्त रोशनी, साफ खिड़कियां एवं अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ पेयजल और डस्टबिन की समुचित व्यवस्था करने को भी कहा गया।स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मेडिकल फर्स्ट एड किट और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एडीएम ने पुलिस विभाग को ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की सूची समय से उपलब्ध कराने, परीक्षा केंद्रों पर बैरिकेडिंग करने और नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।बैठक के दौरान शिक्षा विभाग की ओर से फ्रिस्किंग एरिया, प्रवेश द्वार, कंट्रोल रूम, जैमर, बायोमैट्रिक उपस्थिति, वीडियोग्राफी और दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए व्हीलचेयर सुविधा सहित अन्य तैयारियों की जानकारी दी गई। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एएसपी दीपक, एआरटीओ सतेंद्र राज, ट्रेज़री अधिकारी अरविंद चौहान, यूपीसीएल के अमित आनंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं परीक्षा ऑब्जर्वर मौजूद रहे।




