टिहरी गढ़वाल 28 जुलाई । राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल के दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छाम, कण्डीसौड़ (विकासखण्ड थौलधार) में बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में 213 मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं उपचार की सुविधा प्रदान की गई।
स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रीतम सिंह पंवार एवं उत्तराखण्ड पशु कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) सुरेन्द्र सिंह मोगा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुरेन्द्र सिंह भण्डारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष ललित खण्डूरी, डीपीसी सदस्य सुनील जुयाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से जनपद के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में लगातार बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों से स्थानीय लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच एवं उपचार की सुविधा अपने क्षेत्र में ही मिल रही है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होने के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी सुनिश्चित हो रही हैं।
शिविर के दौरान 41 आभा (ABHA) आईडी बनाई गईं, 3 आयुष्मान भारत कार्ड जारी किए गए, 9 दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाए गए तथा 39 एक्स-रे किए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जनपद के विभिन्न दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित रूप से बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से आगामी स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
छाम-कण्डीसौड़ में बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर, 213 मरीजों ने उठाया विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।




