Ad image

कांवड़ मेला-2026: 550 से अधिक सुरक्षा कर्मियों के साथ टिहरी पुलिस पूरी तरह तैयार, सीसीटीवी-ड्रोन से होगी 24 घंटे निगरानी

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 28 जुलाई। श्रावण मास कांवड़ मेला-2026 के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए टिहरी पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कैलाश गेट स्थित ओंकारानंद सरस्वती निलायम स्कूल में मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग करते हुए सेवा, सतर्कता, दृढ़ता और शालीनता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल कानून-व्यवस्था की चुनौती नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन और जनविश्वास का महापर्व है। उन्होंने पुलिस कर्मियों से श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालु उत्तराखंड और टिहरी पुलिस की सकारात्मक छवि लेकर लौटें, यही पुलिस का उद्देश्य है।
मेले की सुरक्षा के लिए 550 से अधिक पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, पीआरडी और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। मुनिकीरेती, नरेंद्रनगर, चंबा, छाम, देवप्रयाग और कीर्तिनगर थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाया गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12 पार्किंग स्थल, पांच खोया-पाया केंद्र तथा शिवानंद गेट पर विशेष पूछताछ केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा सात मोबाइल पुलिस पार्टियां लगातार गश्त कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभालेंगी।
पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी 68 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से चौबीसों घंटे की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT), कंट्रोल रूम, साइबर कमांडो और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को सक्रिय रखा गया है। अफवाह फैलाने वालों और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
गंगा स्नान घाटों पर SDRF, जल पुलिस और पुलिस की रेस्क्यू टीमें तैनात रहेंगी। वहीं ऑपरेशन क्लीन के तहत अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। होटल, धर्मशालाओं, ढाबों और किरायेदारों का सत्यापन अभियान जारी रहेगा तथा सभी प्रमुख स्थलों का फायर सेफ्टी ऑडिट भी कराया गया है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि टिहरी पुलिस का लक्ष्य केवल सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु को सेवा, सुरक्षा और सम्मान का ऐसा अनुभव देना है, जिससे वह उत्तराखंड की सकारात्मक छवि अपने साथ लेकर लौटे। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी सतर्कता, अनुशासन और सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!