Ad image

राफ्टिंग सीजन की तैयारियों को लेकर डीएम ने दिए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी में 265 राफ्टिंग फर्म पंजीकृत, 576 राफ्ट उपलब्ध; पुट-इन व पुल-आउट प्वाइंट्स पर सुविधाएं बढ़ाने पर जोर

टिहरी गढ़वाल 12 अगस्त। आगामी राफ्टिंग सीजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और पर्यटक सुविधाओं के लिहाज से बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित अधिकारियों एवं राफ्टिंग कारोबारियों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें राफ्टिंग संचालन, सुरक्षा, पर्यटक सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोवत सिंह राणा ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 265 राफ्टिंग फर्म पंजीकृत हैं और कुल 576 राफ्ट उपलब्ध हैं। बैठक में राफ्टिंग के प्रमुख पुट-इन एवं पुल-आउट प्वाइंट कुड़ियाला, मरीन ड्राइव, शिवपुरी और ब्रह्मपुरी में आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
इन स्थानों पर क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों की मरम्मत, शौचालय, चेंजिंग रूम, पार्किंग तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को विकसित करने और उनके नियमित रखरखाव पर जोर दिया गया। पर्यटकों की सुविधा के लिए राफ्टिंग स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की आय बढ़ाने के लिए प्रति पर्यटक सुविधा शुल्क तथा वन विभाग द्वारा समिति से लिए जाने वाले पर्यटक शुल्क के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा राफ्टिंग फर्मों के संचालन और नवीनीकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। राफ्टिंग कारोबारियों एवं समिति सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने राफ्टिंग संचालकों से आपसी समन्वय और एकजुटता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि संचालकों के बीच किसी भी प्रकार के मतभेद होने पर आपसी संवाद के माध्यम से उनका समाधान किया जाए। उन्होंने राफ्टिंग की उचित और निर्धारित दरों को लेकर आपसी सहमति बनाने पर भी जोर दिया, ताकि पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा न हो और टिहरी आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित एवं बेहतर राफ्टिंग अनुभव मिल सके।
बैठक में एडवेंचर स्पोर्ट्स ऑफिसर सीमा नौटियाल, यूटीडीबी के वाटर स्पोर्ट्स एक्सपर्ट भूपेंद्र सिंह, समिति सदस्य धर्मेंद्र नेगी एवं जयेंद्र बिष्ट सहित विभिन्न राफ्टिंग फर्मों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!