टिहरी गढ़वाल 14 सितम्बर । राजकीय महाविद्यालय खाड़ी, टिहरी गढ़वाल में हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हिंदी पखवाड़े के तहत आयोजित कार्यक्रमों में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत 12 सितंबर को निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने राजभाषा हिंदी का महत्व, वैश्विक स्तर पर हिंदी की स्थिति, डिजिटल युग एवं सोशल मीडिया में हिंदी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में हिंदी के अवसर एवं चुनौतियां तथा लोकभाषा से राजभाषा तक हिंदी के विकास जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
सोमवार को महाविद्यालय परिसर में कविता वाचन एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के संरक्षण और संवर्धन पर ओजपूर्ण विचार रखे, जबकि कविता वाचन में देशभक्ति एवं साहित्य से जुड़ी रचनाओं की सुंदर प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में डॉ. ईरा सिंह ने हिंदी के ऐतिहासिक महत्व और हिंदी साहित्य के महान साहित्यकारों भारतेंदु हरिश्चंद्र, जयशंकर प्रसाद, रामधारी सिंह दिनकर, महादेवी वर्मा एवं सुमित्रानंदन पंत के योगदान पर प्रकाश डाला। हिंदी विभाग की श्रीमती मीना ने हिंदी दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा वर्तमान डिजिटल और एआई के दौर में हिंदी की बढ़ती भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि देश को एकता के सूत्र में जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
प्रतियोगिताओं में निबंध लेखन में शालिनी ने प्रथम, भूमिका ने द्वितीय और मनप्रीत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता वाचन में सुरजी प्रथम, अंजली द्वितीय और कुसुम तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में संजना ने प्रथम, भूमिका ने द्वितीय और किरण ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हिंदी साहित्य की कालजयी रचनाओं और महान कवियों की पंक्तियों का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक व्यवहार में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने तथा भाषा के मान-सम्मान और गौरव को बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. ईरा सिंह, डॉ. शनव्वर, डॉ. मीनाक्षी, लाइब्रेरी अधिकारी डॉ. ममता, प्रशासनिक अधिकारी शूरवीर दास, कनिष्ठ सहायक मनीषा सहित आशीष, दीपक, पंकज और हितेश उपस्थित रहे।
हिंदी दिवस पर खाड़ी महाविद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



