टिहरी गढ़वाल 14 सितम्बर। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को 30वें दिन भी जारी रहा। 16 अगस्त से शुरू हुआ आंदोलन एक सितंबर से क्रमिक अनशन में तब्दील हो गया है। आंदोलनकारियों ने शासन से टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर शीघ्र शिलान्यास कराने की मांग दोहराई।
सोमवार को क्रमिक अनशन पर सोबन लाल, नरेश जमोला और राजेंद्र प्रसाद नौटियाल बैठे। धरने को उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की टिहरी इकाई ने समर्थन दिया। इस दौरान यूकेडी जिलाध्यक्ष डी.डी. पंत, जीत राम भट्ट और शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार ने कहा कि 30 दिनों से टिहरी की जनता मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर आंदोलनरत है। उन्होंने कहा कि टिहरी ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, लेकिन आज यहां के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अन्य स्थानों का रुख करना पड़ रहा है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज को टिहरी का हक बताते हुए कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन को समर्थन जारी रहेगा।
धरने में विमला बहुगुणा, मालती देवी, संगीता देवी, संजोबाला थपलियाल और रीना राणा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। धरने की व्यवस्थाएं मंजीत कुमार और दिलावर चंद ने संभालीं। पंवार ने बताया कि सोमवार शाम मसाल जुलूस के माध्यम से भी सरकार का ध्यान मांग की ओर आकर्षित किया जाएगा।
टिहरी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर 30वें दिन भी धरना जारी: कांग्रेस और यूकेडी ने आंदोलन को दिया समर्थन, शिलान्यास तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



