निःशुल्क पुस्तक मेले से नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को मिली राहत, दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को हुआ विशेष लाभ
टिहरी गढ़वाल 4 नवंबर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र की ओर से नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए अभिविन्यास (इंडक्शन) कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आयोजित निःशुल्क पुस्तक मेले ने विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खासकर दूरस्थ क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों को इसका लाभ मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कंडारी और प्रो. दीर्घपाल सिंह भंडारी सहित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर प्रो. दीर्घपाल सिंह भंडारी ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली और परीक्षा परिणाम से संबंधित जानकारी दी। प्रो. राजकुमार त्यागी ने विज्ञान विषयों में अध्ययन की संभावनाओं और उनके महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. राजपाल सिंह रावत ने वाणिज्य विषय की उपयोगिता और वर्तमान समय में उसकी बढ़ती प्रासंगिकता की जानकारी दी।
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कंडारी ने विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं और समस्याओं को सुनकर उनका समाधान भी किया।
प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय राज्य के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा उन विद्यार्थियों के लिए विशेष अवसर प्रदान करती है, जो विभिन्न कारणों से नियमित रूप से महाविद्यालय नहीं आ पाते।
कार्यक्रम का संचालन अध्ययन केंद्र के सह-समन्वयक डॉ. पी.सी. पैन्यूली ने किया। केंद्र समन्वयक डॉ. राजपाल सिंह रावत ने अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर डॉ. डी.एस. तोपवाल, डॉ. आराधना सक्सेना, डॉ. हर्षिता जोशी, डॉ. आरती खंडूरी, डॉ. मेवाफरोश, डॉ. रंजन, डॉ. कमलेश पांडेय, शंकर, अमित चमोली, सुजान सिंह, मानसिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




