देहरादून 26 मई । मंगलवार को सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने लखनऊ से लौटते ही यमुना कालोनी स्थित राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट से शिष्टाचार मुलाकात की ।
महेन्द्र भट्ट से शिष्टाचार भेंट के दौरान कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त एवं सनातन धर्म विकास परिषद के अध्यक्ष स्वामी रसिक महाराज ने संगठनात्मक विषयों एवं आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम की रूपरेखा, , प्रबुद्ध जन संवाद, कार्यकर्ताओं की भागीदारी तथा संगठनात्मक व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक सुझाव साझा किए गए।
स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि भाजपा सरकार राष्ट्रहित, विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निरंतर आगे बढ़ रही है तथा कार्यकर्ताओं के सहयोग से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी। वहीं महेन्द्र भट्ट ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने एवं जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने पर बल दिया।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने एवं संगठन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया गया।




