21 फरवरी से चमोली में बोर्ड परीक्षाएं, 9,224 छात्र होंगे शामिल

चमोली 18 फरवरी 2026। जनपद में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी। परीक्षाएं उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर के अंतर्गत सम्पन्न कराई जाएंगी। इस वर्ष कुल 9,224 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनमें 4,643 बालक और 4,581 बालिकाएं हैं।
जनपद में कुल 107 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 101 मिश्रित और 06 एकल (हाईस्कूल) केंद्र शामिल हैं। हाईस्कूल में 4,814 तथा इंटरमीडिएट में 4,410 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।
परीक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने के लिए पीएम श्री अटल उत्कृष्ट श्री गीता स्वामी जीआईसी गोपेश्वर में 356 केंद्र व्यवस्थापकों को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी व्यवस्थाओं की पूर्व जांच सुनिश्चित करने और किसी भी समस्या पर तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 लागू रहेगी तथा कानून-व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।



