उत्तराखंडराजनीतिविविध न्यूज़

देहरादून में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा पर सरकार को घेरा

Please click to share News

खबर को सुनें

देहरादून। उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध, महिला उत्पीड़न, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक के विरोध में सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने राजधानी देहरादून में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने परेड ग्राउंड से लोक भवन (राजभवन) की ओर कूच किया।

हालांकि, हाथीबड़कला क्षेत्र में पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाकर जुलूस को रोक दिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की भी हुई, लेकिन स्थिति नियंत्रण में रही।
परेड ग्राउंड में विशाल जनसभा
सुबह से ही प्रदेशभर के जिलों से कार्यकर्ताओं का जनसैलाब परेड ग्राउंड में उमड़ पड़ा। जनसभा को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत तथा चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने संबोधित किया।
सभा के दौरान कार्यकर्ता “पेपर चोर, वोट चोर, गद्दी छोड़” जैसे नारों से मैदान को गुंजायमान करते रहे। कूच के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य व उनके समर्थकों ने पहला बैरिकेड पार कर मुख्य बैरिकेडिंग तक पहुंचने का प्रयास भी किया।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने राज्य सरकार पर कुशासन का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश जंगलराज की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बेरोजगारी, पलायन, बंद होते स्कूल, अस्पतालों की बदहाली और आपदा प्रभावित क्षेत्रों—धराली, बूढ़ा केदार, घनसाली, जोशीमठ, थराली, मुनस्यारी व धारचूला—में राहत कार्यों की धीमी गति पर सवाल उठाए।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि प्रदेश में अपराधी बेखौफ हैं, दिनदहाड़े गोलियां चल रही हैं और महिला अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने भर्ती घोटालों, पेपर लीक, गन्ना व सेब किसानों की समस्याओं को भी प्रमुख मुद्दा बताया।

चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत ने देहरादून में हाल के दिनों में हुई जघन्य हत्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आम नागरिकों में भय का माहौल है। उन्होंने पेपर लीक, नकल माफिया, भू-माफिया और शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की नीतियों पर प्रश्न उठाए और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने लोक भवन मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया था। चार स्तरों की बैरिकेडिंग की गई थी ताकि प्रदर्शनकारी आगे न बढ़ सकें। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने रातभर उनके पोस्टर और बैनर हटाए, बावजूद इसके आंदोलन को सफल और निर्णायक बताया गया।
आगामी आंदोलनों का संकेत
कांग्रेस ने महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, शांति व्यवस्था बहाली और आपदा प्रभावितों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग दोहराई। नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन सरकार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई की शुरुआत है और आगामी दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

राजधानी में हुआ यह प्रदर्शन भाजपा सरकार के विरुद्ध विपक्ष का अब तक का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।



Please click to share News

Govind Pundir

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!