टिहरी गढ़वाल 26 अगस्त। थाना नई टिहरी क्षेत्र के ग्राम कोटी खास, जाखणीधार में मां की हत्या कर फरार हुए आरोपी पुत्र को टिहरी पुलिस ने बुधवार शाम गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हत्या के बाद से जाखणीधार क्षेत्र के घने जंगलों में लगातार ठिकाने बदलकर छिप रहा था। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में गठित चार विशेष पुलिस टीमों ने सघन कॉम्बिंग और तलाशी अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार ग्राम कोटी खास निवासी बुग्गा देवी पत्नी स्वर्गीय गुलाब सिंह की उनके पुत्र अजय सजवाण ने हत्या कर दी थी। मामले में मृतका के भतीजे कृष्णा सजवाण की तहरीर पर थाना नई टिहरी में मुकदमा अपराध संख्या 30/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्वेता चौबे ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद चार विशेष पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जाखणीधार के घने जंगलों में छिपा है और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है।
पुलिस टीमों ने कठिन पहाड़ी भूगोल और घने जंगलों के बीच लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया। बुधवार 26 अगस्त को करीब शाम पांच बजे टीम ने आरोपी अजय सजवाण को जाखणीधार के निकट जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक ऐश्वर्य पाल, एसएसआई पवन डिमरी, उप निरीक्षक शांति प्रसाद चमोली, हेड कांस्टेबल सुनील, मुकेश व अरविन्द सेमवाल, कांस्टेबल अभिनव गुसाईं व कुलदीप तथा होमगार्ड शेर सिंह शामिल रहे।
मां की हत्या कर जंगल में छिपा आरोपी पुत्र गिरफ्तार: चार पुलिस टीमों ने सघन कॉम्बिंग के बाद जाखणीधार के जंगल से दबोचा

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



